हरिहरगंज प्रखंड सभागार में गुरुवार को रबी फसल बीज वितरण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख कमला देवी ने की। इसमें सरकार की ओर से शत-प्रतिशत अनुदानित दर पर किसानों को उपलब्ध कराए जाने वाले गेहूं, चना, सरसों और मक्का के बीज वितरण की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गयी। साथ ही पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से बीज वितरण सुनिश्चित करने को लेकर क्लस्टर चयन के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में कृषि विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और बीज वितरण की प्रक्रिया को सुचारु बनाने पर जोर दिया। इस दौरान प्रखंड कृषि पदाधिकारी ब्रजेश कुमार, सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन, विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव, सहायक तकनीकी प्रबंधक सुशील कुमार मिश्रा, कृषक सलाहकार समिति के अध्यक्ष राजू रंजन मेहता, मुखिया प्रतिनिधि सनोज गुप्ता, पैक्स अध्यक्ष रामनंदन यादव, हीरालाल यादव, अनिल पासवान, कृषि मित्र शिवपूजन मेहता, पप्पू सिंह, अनिल यादव, मनोज सिंह एवं धीरेंद्र राम समेत कई लोग उपस्थित थे।







