छतरपुर अनुमंडल में SR कांडों के निष्पादन में उल्लेखनीय उपलब्धि
अक्टूबर में 13 नए मामलों के विरुद्ध 26 कांडों का निष्पादन, लगातार दूसरे महीने 200 प्रतिशत से अधिक रही निष्पादन दर
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक, पलामू श्री कपिल चौधरी के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर श्री प्रशांत कुमार के नेतृत्व एवं प्रभावी पर्यवेक्षण में अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान को लेकर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अक्टूबर 2026 में SR (स्पेशल रिपोर्ट) कांडों के निष्पादन में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है।
अक्टूबर माह के दौरान छतरपुर अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 13 SR कांड प्रतिवेदित हुए, जबकि इस अवधि में 26 SR कांडों का निष्पादन किया गया। इस प्रकार प्रतिवेदित कांडों की तुलना में निष्पादन की दर 200 प्रतिशत रही।
इससे पहले सितंबर 2026 में भी छतरपुर अनुमंडल में 18 प्रतिवेदित SR कांडों के विरुद्ध 37 कांडों का निष्पादन किया गया था। उस दौरान निष्पादन दर 206 प्रतिशत रही थी। इस प्रकार लगातार दूसरे महीने छतरपुर अनुमंडल ने 200 प्रतिशत से अधिक निष्पादन दर हासिल की है।
आंकड़ों के अनुसार, 1 अक्टूबर 2026 से पूर्व अनुमंडल के विभिन्न थानों में कुल 164 SR कांड लंबित थे। अक्टूबर माह में 13 नए कांड दर्ज होने तथा 26 कांडों के निष्पादन के बाद माह के अंत तक लंबित कांडों की संख्या घटकर 151 रह गई। इस तरह एक माह के भीतर लंबित कांडों में 13 की शुद्ध कमी दर्ज की गई।
इस उपलब्धि को पुलिस अधीक्षक, पलामू श्री कपिल चौधरी के मार्गदर्शन एवं निर्देशों के अनुरूप अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, छतरपुर श्री प्रशांत कुमार के प्रभावी पर्यवेक्षण, थाना प्रभारियों एवं अनुसंधानकर्ताओं के साथ नियमित समीक्षा तथा अनुसंधान में तेजी लाने के सामूहिक प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है।
पलामू पुलिस का उद्देश्य केवल कांडों का निष्पादन करना ही नहीं, बल्कि प्रत्येक मामले में साक्ष्य आधारित, गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत अनुसंधान सुनिश्चित करना है, ताकि दोषियों को सजा दिलाई जा सके और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय मिल सके।
पलामू पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।






