पलामू में मिनिस्ट्री ऑफ कॉर्पोरेट अफेयर्स के नाम पर अवैध वसूली, एसपी ने दिए कार्रवाई के आदेश
#पलामूः जिले में नेशनल हाईवे पर मिनिस्ट्री ऑफ कॉर्पोरेट अफेयर्स के नाम पर गाड़ियों से वसूली का मामला सामने आया है. एक संस्था के द्वारा मिनिस्ट्री ऑफ कॉर्पोरेट अफेयर्स के पत्र का हवाला देते हुए रोड सेफ्टी के नाम पर 500-500 की वसूली की जा रही थी. ईटीवी भारत के पास वसूली से संबंधित मामला पहुंचा था. जिसके आधार पर पलामू एसपी कपिल चौधरी ने संज्ञान लेते हुए पूरे मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
एसपी ने थाना प्रभारी को तत्काल वसूली रोकने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है. एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि सभी थाना प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि इस तरह की वसूली होने पर तत्काल उनके खिलाफ कार्रवाई करें और लिखित आवेदन मिलने पर मुकदमा दर्ज करें. नेशनल हाईवे या कहीं भी वसूली करते हुए पकड़े जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें.
दरअसल सोमवार को कुछ लोग गुमला से गढ़वा जा रहे थे. इसी क्रम में पलामू के साथ सतबरवा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर कुछ लोग गाड़ियों से रोड सेफ्टी के नाम पर वसूली कर रहे थे. वसूली से संबंधित पूरा मामला ईटीवी भारत के पास पहुंचा था. पूरे मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध वसूली को रुकवा दिया है.
वसूली करने वाले लोगों ने मिनिस्ट्री आफ कॉर्पोरेट अफेयर का पत्र भी दिखाया था. पलामू जिला परिवहन पदाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि रोड सेफ्टी के नाम पर किसी भी प्रकार की वसूली अवैध है. ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. पलामू पुलिस ने भी आम लोगों से पैसे नहीं देने की अपील की है और कहा है कि मामला सामने आने के बाद थाना में शिकायत करें.


.jpg)



