बकाया वेतन और वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ नहीं मिलने से प्रधानाध्यापक परेशान
डीडीओ पर मनमानी का आरोप, विभागीय अधिकारियों से जल्द भुगतान कराने की मांग
हरिहरगंज प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत स्तरोन्नत उच्च विद्यालय कोठिला के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनीष कुमार ने निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी (डीडीओ) सह सीता +2 उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय प्रसाद राय पर बकाया वेतन और वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ नहीं देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि डीडीओ की मनमानी के कारण वे काफी परेशान और मानसिक तनाव में हैं। उन्हें बीते 2 जुलाई 2026 का भी वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ भी नहीं मिला है। मनीष कुमार ने बताया कि उनके ऊपर बीते वर्ष 2018 में एससी-एसटी एक्ट के तहत एक मुकदमा दर्ज होने के कारण उन्हें निलंबित कर दिया गया था। 16 मई 2023 को न्यायालय ने उन्हें मामले में बरी कर दिया था। इसके बाद 24 अप्रैल 2026 को तत्कालीन जिला शिक्षा पदाधिकारी, पलामू ने उनके विरुद्ध चल रही विभागीय कार्रवाई समाप्त कर दी। वहीं, 15 जून 2026 को जिला शिक्षा पदाधिकारी ने पत्रांक 843 के माध्यम से डीडीओ को बकाया राशि के भुगतान के लिए आवश्यक विवरणी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था।उन्होंने बताया कि निर्देश के आलोक में बकाया भुगतान से संबंधित विवरणी का मिलान कर कंप्यूटराइज्ड प्रति हस्ताक्षर के साथ कार्यालय को उपलब्ध करा दी गई थी। इसके बावजूद अब तक बकाया वेतन और वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ नहीं मिल सका है। उन्होंने शिक्षा विभाग के वरीय अधिकारियों से जल्द भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है।
इधर, डीडीओ अजय प्रसाद राय ने बताया कि मनीष कुमार से प्राप्त हस्ताक्षरयुक्त कंप्यूटराइज्ड विवरणी जिला शिक्षा विभागीय कार्यालय को भेज दी गई है। जिला कार्यालय से आदेश प्राप्त होने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगा।






