सामाजिक समरसता और आगामी जिला परिषद चुनाव की तैयारियों पर मंथन
जनसेवक शिवनारायण उरांव के निवास पर जुटे जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोग, क्षेत्र के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा
पलामू :
चैनपुर के प्रमुख जनसेवक बड़े दादा शिवनारायण उरांव एवं उनकी धर्मपत्नी बिहार ग्रामीण बैंक (डुमरिया, गया) की शाखा प्रबंधक पुष्पा कुमारी के रेड़मा स्थित वर्तमान निवास स्थान पर 'चाय पे चर्चा' सह विचार-विमर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र, समाज, राज्य और देश की वर्तमान राजनीतिक व सामाजिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु आगामी जिला परिषद चुनाव की पूर्व तैयारियां और रणनीतियां रहीं। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व जिला परिषद प्रत्याशी ममता देवी और उनके पति सुनील उरांव ने क्षेत्र की समस्याओं और पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने को लेकर अपने विचार रखे।
चर्चा के दौरान जनसेवक शिवनारायण उरांव ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना और सामाजिक एकजुटता बनाए रखना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। आगामी जिला परिषद चुनाव को लेकर रणनीति बनाते हुए सभी ने एक स्वर में क्षेत्र के समग्र विकास और जनसेवा के संकल्प को दोहराया।
इस अवसर पर गणेश दादा की धर्मपत्नी सहित परिवार के सदस्य एवं क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर क्षेत्र की बेहतरी के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।






