दुर्गा पूजा पंडाल में दिखा पुलिस का मानवीय चेहरा, बच्चों के बीच शिक्षक बने एसडीपीओ प्रशांत कुमार
धर्मेन्द्र कुमार रिंकू
छतरपुर (पलामू)। दुर्गा पूजा के अवसर पर विभिन्न पूजा पंडालों के निरीक्षण के दौरान छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार का एक अलग और आत्मीय रूप देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद वे पंडाल में मौजूद बच्चों के बीच पहुंचे और उनसे सहजता से बातचीत की।
बच्चों से बातचीत के दौरान उन्होंने उनकी पढ़ाई, स्कूल और पाठ्यक्रम के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने, अपने पाठ्यक्रम को बेहतर ढंग से समझने तथा शिक्षा के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारी के साथ शिक्षक जैसी आत्मीयता से हुई बातचीत से बच्चे भी सहज नजर आए।
एसडीपीओ प्रशांत कुमार इससे पहले भी आम लोगों के साथ सहज जन-संवाद और विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं से आत्मीय बातचीत के लिए स्थानीय स्तर पर चर्चित रहे हैं। पूजा पंडाल में बच्चों के साथ उनका यह संवाद पुलिस की संवेदनशीलता, सामाजिक सरोकार और मानवीय जुड़ाव को सामने लाता है।
सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते एसडीपीओ प्रशांत कुमार का यह अंदाज पूजा पंडाल में मौजूद लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना रहा। इस मौके पर इंस्पेक्टर द्वारिका राम,थाना प्रभारी सौरव चौबे मौजूद रहे।





