पलामू में 40 लाख की ब्राउन शुगर जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार, दो फरार
पुलिस अधीक्षक, पलामू के सख्त निर्देशों के आलोक में चैनपुर थाना क्षेत्र की पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गढ़वा की ओर से आ रही एक लग्जरी कार से 256 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है, जिसका अंतरराष्ट्रीय व अवैध बाजार मूल्य करीब 30 से 40 लाख रुपए आंका जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने एक मुख्य तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर दो अन्य तस्कर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
इस तरह बिछाया गया जाल और पकड़ा गया तस्कर
चैनपुर थाना पुलिस को दिनांक 04.11.2026 की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि गढ़वा की ओर से कुछ संदिग्ध लोग एक उजले रंग की कार (रजिस्ट्रेशन नंबर JH24H7207) से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ (ब्राउन शुगर) की खरीद-बिक्री करने के लिए चैनपुर इलाके की तरफ आ रहे हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम किनी पेट्रोल पंप के समीप शाहपुर-गढ़वा मुख्य मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
कुछ ही देर बाद गढ़वा की तरफ से एक उजले रंग की KIA SELTOS कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने जब कार को रोकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी का पीछा किया। वाहन मुख्य मार्ग छोड़कर सुकरी रोड की तरफ भागा, जिसे सुकरी बस्ती में घुसने से ठीक पहले पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया।
तलाश के दौरान हुआ बड़ा खुलासा
गाड़ी रुकते ही अंधेरे का लाभ उठाकर दो व्यक्ति कार से कूदकर भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर ही धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी की पहचान चिन्टु कुमार कहार उर्फ राजा (उम्र करीब 24 वर्ष, पिता- उमेश कहार, निवासी- वार्ड नं० 16, सोनपुरवा, थाना व जिला- गढ़वा) के रूप में हुई है।
मौके पर मौजूद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर) की उपस्थिति में जब पकड़े गए युवक की विधिवत तलाशी ली गई, तो उसके पास से निम्नलिखित सामान बरामद किए गए:
ब्राउन शुगर: दाहिने पॉकेट से उजले पारदर्शी प्लास्टिक में दो पैकेट और बाएं पॉकेट से एक पैकेट (कुल वजन इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर लगभग 256 ग्राम पाया गया)।
नगद रुपये: दाहिने पिछले पॉकेट से 10,000/- रुपये नगद।
मोबाइल फोन: कुल 4 टच स्क्रीन मोबाइल फोन।
वाहन: एक उजले रंग की KIA SELTOS कार (रजि० नं० JH24H7207)।
इसके अलावा एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act 1985) की धारा 50 के तहत नोटिस की कार्रवाई पूरी की गई।
दर्ज हुआ मामला, फरार तस्करों की तलाश जारी
बरामद मादक पदार्थों के संबंध में गिरफ्तार आरोपी कोई भी वैध कागजात या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस मामले में चैनपुर थाना में कांड संख्या 229/2026, दिनांक 05.11.2026, धारा 21(c)/25/29 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चल रहे दोनों अन्य तस्करों की पहचान पुख्ता कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस सफल अभियान को अंजाम देने वाली टीम में निम्नलिखित पुलिसकर्मी प्रमुख रूप से शामिल थे:
श्री राजेश यादव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर, मेदिनीनगर
पु०अ०नि० लाल जी, थाना प्रभारी, चैनपुर
पु०अ०नि० राजेश कुमार
पु०अ०नि० रमण यादव
स०अ०नि० मुरारी दास
सशस्त्र बल, तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अंगरक्षक एवं चालक।






