एसआईआर शिविर में पहुंचे मतदाताओं की समस्याएं सुनीं, संताल परगना आयुक्त ने लिया जायजा
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। संताल परगना प्रमंडल के आयुक्त ने शनिवार को कुंडहित प्रखंड के अंबा पंचायत सभागार में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे मतदाताओं से सीधे संवाद कर एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ी उनकी समस्याओं और परेशानियों की जानकारी ली। साथ ही दस्तावेजों के सत्यापन, आवेदन प्रक्रिया और मतदाता सूची के पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की।
आयुक्त ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी वास्तविक और पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं होना चाहिए, वहीं अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं हो। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और पात्र मतदाताओं के दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पाया कि शिविर में पहुंच रहे अधिकांश मतदाता आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर रहे हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा भी मतदाताओं को एसआईआर से संबंधित प्रक्रिया समझाने और दस्तावेजों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में सहयोग दिया जा रहा है। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जिन लोगों को दस्तावेज तैयार कराने अथवा प्रक्रिया को लेकर कठिनाई हो रही है, उनकी हरसंभव मदद की जाए, ताकि कोई पात्र मतदाता केवल प्रक्रियागत समस्या के कारण अपने अधिकार से वंचित न हो।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धीकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची निष्पक्ष चुनाव की बुनियाद होती है। इसलिए एसआईआर कार्य में पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और निर्धारित नियमों के अनुरूप कार्रवाई की जाए।
इससे पूर्व प्रखंड कार्यालय पहुंचने पर पुलिस जवानों ने संताल परगना प्रमंडल के आयुक्त को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मौके पर जामताड़ा जिला के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद जमाले राजा सहित निर्वाचन कार्य में लगे पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।






