अवैध पार्किंग पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 37 वाहनों से 2.43 लाख का जुर्माना
फतेहपुर व पोसोई मोड़ के पास चला सघन वाहन जांच अभियान, यातायात नियमों के पालन की दी हिदायत।
उदय किशोर सिंह
जामताड़ा। जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन और अवैध पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग ने बुधवार को सघन जांच अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मुकेश कुमार के नेतृत्व में रोड सेफ्टी टीम ने फतेहपुर थाना क्षेत्र तथा जामताड़ा के पोसोई मोड़ के समीप वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान वाहनों के आवश्यक कागजात, यातायात नियमों के अनुपालन और सड़क किनारे अवैध रूप से की गई पार्किंग की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 37 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 2 लाख 43 हजार 550 रुपये का चालान किया गया।
जांच के दौरान वाहन चालकों को सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा नहीं करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर अवैध पार्किंग से यातायात व्यवस्था बाधित होती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।
रोड सेफ्टी टीम ने वाहन चालकों और आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।
डीटीओ मुकेश कुमार ने कहा कि यातायात नियमों का पालन प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। नियमों का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन और अवैध पार्किंग के खिलाफ जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।






