अवैध खनन पर सख्ती, लापरवाही बरतने पर सीओ और थाना प्रभारी होंगे जिम्मेवार।
रिपोर्ट #उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें अवैध खनन, खनिज परिवहन और व्यापार पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने पर संबंधित अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी संयुक्त रूप से जिम्मेवार होंगे।
उपायुक्त ने बालू घाटों की बंदोबस्ती से संबंधित लंबित प्रक्रियाओं को एक सप्ताह के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया। बंद पड़ी खदानों में अवैध खनन से बने गड्ढों की डोजरिंग तथा स्थायी समाधान के लिए वैज्ञानिक अध्ययन कर रिपोर्ट देने को कहा। ईसीएल पांडेश्वर क्षेत्र में अवैध कोयला खनन रोकने के लिए सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस को संयुक्त छापेमारी तथा ड्रोन से निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
चितरा से जामताड़ा रेलवे साइडिंग तक कोयला ढुलाई करने वाले वाहनों की जीपीएस से ट्रैकिंग, फिटनेस और दस्तावेजों की जांच करने को भी कहा गया।
बैठक में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अवैध खनिज परिवहन के 60 मामले सामने आए हैं। इस दौरान 65 वाहन जब्त किए गए और 31 लाख 99 हजार 575 रुपये जुर्माना वसूला गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ईसीएल के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


.png)



