दो माह का मानदेय मिलने पर काम पर लौटे जामताड़ा के सफाई मित्र, देर रात से शुरू की शहर की सफाई।
रिपोर्ट: उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। नगर पंचायत के सफाई मित्रों ने दो माह का मानदेय भुगतान होने और बकाया राशि के भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद अपनी हड़ताल समाप्त कर दी है। इसके बाद सभी सफाई मित्र काम पर लौट आए और देर रात से ही शहर की सफाई का कार्य शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मानदेय भुगतान की मांग को लेकर सफाई मित्र हड़ताल पर थे। इस दौरान नगर पंचायत परिसर में उनके द्वारा एकत्रित किए गए कचरे को भी जमा कर दिया गया था, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
दुर्गा पूजा को देखते हुए उपायुक्त आलोक कुमार ने पहल करते हुए सफाई मित्रों को मानदेय भुगतान कराने का आश्वासन दिया। उनकी पहल पर सफाई मित्रों को दो माह का मानदेय भुगतान कराया गया। साथ ही, शेष बकाया मानदेय का भुगतान भी जल्द किए जाने का आश्वासन दिया गया।
दो माह का मानदेय मिलने और बकाया भुगतान का भरोसा मिलने के बाद सफाई मित्रों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके बाद वे पुनः काम पर लौट गए और देर रात से ही नगर की साफ-सफाई में जुट गए।
सफाई मित्रों के काम पर लौटने से दुर्गा पूजा के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त होने की उम्मीद है।






