सुपायडीह पंचायत में बैंकिंग सुविधाओं की बड़ी पहल, एक ही छत के नीचे ग्रामीणों के कई काम हुए पूरे
पंचायत भवन में लगा बैंकिंग शिविर, नए खाते खोलने से लेकर केवाईसी और नॉमिनी जोड़ने तक की मिली सुविधा; पेसा एक्ट के तहत ग्राम सभाओं के भी खुले बैंक खाते।
रिपोर्ट उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा :
ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में जामताड़ा प्रखंड के सुपायडीह पंचायत में एक सराहनीय पहल की गई। बुधवार को पंचायत भवन में ग्रामीण बैंक, यूको बैंक एवं केनरा बैंक के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय बैंकिंग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी बैंकिंग संबंधी समस्याओं का समाधान कराया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों के नए बचत खाते खोले गए। वहीं, पहले से बैंक खाते संचालित कर रहे खाताधारकों का केवाईसी अपडेट किया गया तथा खातों में नॉमिनी जोड़ने सहित अन्य जरूरी बैंकिंग प्रक्रियाएं पूरी की गईं। पंचायत भवन में ही बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को अब छोटे-छोटे कार्यों के लिए बैंक शाखाओं का चक्कर नहीं लगाना पड़ा। इससे लोगों के समय और आने-जाने के खर्च की भी बचत हुई।






