BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जामताड़ा डीसी और एसपी ने किया दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश


उदय किशोर सिंह, संवाददाता | 
जामताड़ा। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से उन सभी पूजा पंडालों का निरीक्षण किया जा रहा है, जहां श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ जुटने की संभावना है। इसका मुख्य उद्देश्य पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी से बचाना है। उन्होंने कहा कि पूजा समितियों को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने और भीड़ प्रबंधन को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में मां दुर्गा का दर्शन कर सकें।
वहीं, पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने जिलेवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्व के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों में भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों और पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का प्रयास है कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, मुख्यालय डीएसपी नीलम कुजूर, एसडीपीओ वसीम रजा, बीडीओ अबीश्वर मुर्मू, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।