फाइलेरिया मरीजों को मिला स्वच्छता किट, प्रभावित अंगों की साफ-सफाई का दिया प्रशिक्षण।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। जिला मलेरिया कार्यालय के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जामताड़ा के अंतर्गत स्वास्थ्य केंद्र गोलपहाड़ी में फाइलेरिया से ग्रसित मरीजों के बीच प्रभावित अंगों की साफ-सफाई के लिए स्वच्छता किट का नि:शुल्क वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई इस किट का उद्देश्य फाइलेरिया प्रभावित अंगों की नियमित और बेहतर साफ-सफाई के माध्यम से संक्रमण की आशंका को कम करना है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार किट में टब, मग, एंटीबैक्टीरियल साबुन, एंटीबैक्टीरियल पाउडर, क्रीम, तौलिया, सैवलॉन तथा दस्ताना सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। मरीजों को इन सामग्रियों के सही इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई।
इस दौरान एमपीडब्ल्यू मनोज तिवारी ने फाइलेरिया मरीजों को डेमो के माध्यम से प्रभावित अंगों की साफ-सफाई करने की विधि समझाई। उन्होंने बताया कि फाइलेरिया प्रभावित अंगों की उचित साफ-सफाई नहीं होने पर गंदगी के कारण सेकेंडरी यानी वेक्टर इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। इससे प्रभावित अंग में बुखार, दर्द और घाव जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। उन्होंने मरीजों से नियमित रूप से प्रभावित अंग की साफ-सफाई रखने और स्वच्छता किट का सही तरीके से इस्तेमाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में पीरामल फाउंडेशन की सदस्य संध्या कुमारी, हेल्थ वर्कर संदीप सोरेन सहित स्वास्थ्य केंद्र के अन्य कर्मी मौजूद रहे।






