BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जामताड़ा में 722 मतदान केंद्रों पर आज लगेगा मेगा हेल्प डेस्क कैंप


एसआईआर के तहत 1,09,765 नोटिस जारी, 27,489 मामलों की सुनवाई पूरी।
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। 
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी गई। साथ ही, 10 अक्टूबर को जिले के सभी 722 मतदान केंद्रों पर मेगा हेल्प डेस्क कैंप आयोजित करने की तैयारी पर चर्चा हुई।
उपायुक्त ने बताया कि कैंप के माध्यम से नो-मैपिंग और तार्किक विसंगतियों के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने में सहायता दी जाएगी। इसके अलावा मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार के लिए प्रपत्र-8 और नए पात्र मतदाताओं के पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6 प्राप्त किए जाएंगे। इसमें 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं और प्रवासी मतदाताओं के पंजीकरण पर भी जोर दिया जाएगा। कैंप के दौरान बीएलओ और बीएलए-2 की चौथी बैठक तथा चुनाव पाठशाला का भी आयोजन होगा।
30 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग की संशोधित समय-सारणी के अनुसार नो-मैपिंग और तार्किक विसंगतियों से संबंधित प्रथम एवं द्वितीय नोटिस के मामलों का निष्पादन 22 अक्टूबर तक किया जाएगा। द्वितीय नोटिस के बाद भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने वाले मतदाताओं के सत्यापन सहित अन्य बिना-नोटिस वाले मामलों का निष्पादन 31 अक्टूबर तक पूरा किया जाना है। वहीं, प्रपत्र-6, 6ए, 7 और 8 से संबंधित दावा-आपत्तियों का डिजिटाइजेशन भी 31 अक्टूबर तक किया जाएगा।
अनपंजीकृत नागरिकों का घर-घर सत्यापन और प्रपत्र-6 का डिजिटाइजेशन 1 से 12 नवंबर तक होगा। निष्पादित नोटिसों की जांच एवं पुनः जांच 1 से 21 नवंबर तक की जाएगी। मतदान केंद्रों से संबंधित आवश्यक विवरणों को ईसीआईनेट पर अपडेट करने का कार्य 23 नवंबर तक पूरा होगा। सभी दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन 23 नवंबर तक किया जाएगा। इसके बाद 24 से 29 नवंबर तक अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के लिए आयोग की अनुमति और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर 30 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
नाला में 43,122 और जामताड़ा में 66,643 नोटिस जारी
बैठक में एसआईआर की प्रगति रिपोर्ट साझा करते हुए बताया गया कि 5 अगस्त 2026 की मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 5,06,781 मतदाता हैं। अब तक प्रपत्र-6 के 12,535 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,09,765 नोटिस जारी कर संबंधित मतदाताओं को उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
इनमें नाला विधानसभा क्षेत्र में 43,122 और जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र में 66,643 नोटिस जारी किए गए हैं। नाला में 9,538 तथा जामताड़ा में 17,951 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। इस प्रकार अब तक कुल 27,489 नोटिसों पर सुनवाई पूरी की गई है, जबकि शेष मामलों में प्रक्रिया जारी है।
पात्र मतदाताओं को जोड़ने की अपील
उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मेगा हेल्प डेस्क कैंप को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटे नहीं और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। इसके लिए प्रशासन, बीएलओ और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के बीच समन्वय आवश्यक है। उन्होंने बीएलए-1 को बैठक में शामिल होने की सूचना देने तथा मतदाता सूची को स्वच्छ, विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया। साथ ही, विभिन्न अंचलों में लंबित जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्रों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने के लिए संबंधित अंचल अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
मौके पर अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सत्यप्रकाश, उप निर्वाचन पदाधिकारी कयूम अंसारी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।