उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। नवरात्र के शुभ अवसर पर जामताड़ा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में 11 अक्टूबर को भव्य डांडिया महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को महोत्सव समिति की अध्यक्ष आशा गुप्ता ने अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने जामताड़ा की सभी माताओं एवं बहनों से बड़ी संख्या में महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम संयोजक तरुण कुमार गुप्ता, संरक्षक राजा नित्य गोपाल सिंह, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. चंचल भंडारी, खोरठा गायक सह डांडिया महोत्सव के सदस्य राकेश दास, मनोज सिन्हा, चन्मय सरकार एवं भास्कर चंद मौजूद थे।
समिति की अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि यह महोत्सव किसी एक व्यक्ति या समिति का नहीं, बल्कि पूरे जामताड़ा की माताओं एवं बहनों का उत्सव है। उन्होंने सभी महिलाओं से 11 अक्टूबर को गांधी मैदान पहुंचकर डांडिया महोत्सव में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम संयोजक तरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष डांडिया महोत्सव को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम में भोजपुरी स्टार शिल्पी राघवानी के साथ सूरत की अर्चना गोस्वामी की पूरी टीम डांडिया बैंड के साथ प्रस्तुति देगी। कलाकारों की मौजूदगी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होगी।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि इस वर्ष माता की आराधना के साथ पूरा जामताड़ा डांडिया की धुन पर झूमेगा। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वहीं संरक्षक राजा नित्य गोपाल सिंह ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने भव्य आयोजन की पहल के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता एवं समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता के प्रति आभार जताया।
महोत्सव को लेकर शहर में अभी से उत्साह का माहौल बनने लगा है। आयोजकों को उम्मीद है कि 11 अक्टूबर को गांधी मैदान में बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु पहुंचकर नवरात्र के उल्लास को और भव्य बनाएंगे।







