BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

जामताड़ा कोर्ट परिसर में डाक चौपाल का आयोजन, ग्रामीणों को डाक विभाग की योजनाओं की दी गई जानकारी।



उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। जामताड़ा कोर्ट परिसर में बुधवार को जामताड़ा मुख्य डाकघर एवं अनुमंडलीय डाक विभाग की ओर से डाक चौपाल का आयोजन किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य आम लोगों को भारतीय डाक विभाग की सेवाओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना और उन्हें योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
डाक चौपाल में ग्रामीण डाक सेवक भागीरथ पंडित ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय डाक विभाग वर्षों से आम जनता की सेवा में निरंतर तत्पर है। डाक विभाग की सेवाएं शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों को उपलब्ध कराई जा रही हैं। आधार कार्ड की घर तक डिलीवरी, पढ़ाई से संबंधित पुस्तकें, परीक्षा से जुड़े रजिस्ट्री एवं स्पीड पोस्ट, बैंक से संबंधित कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण सेवाएं डाक विभाग के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय डाक विभाग केवल डाक पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि आम लोगों के सुरक्षित भविष्य के लिए कई लाभकारी बचत एवं निवेश योजनाएं भी संचालित कर रहा है। इनमें सुकन्या समृद्धि योजना, किसान विकास पत्र, बचत खाता, आरडी, टीडी, ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) एवं डाक जीवन बीमा (PLI) जैसी योजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं के माध्यम से लोग अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार बचत और निवेश कर सकते हैं।
उन्होंने आम नागरिकों से भारतीय डाक विभाग से जुड़ने तथा इसकी विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही कहा कि नियमित बचत और सुरक्षित निवेश के माध्यम से लोग अपने और अपने परिवार के उज्ज्वल भविष्य की नींव रख सकते हैं।
मौके पर राम प्रसाद पाल, सुमन कुमार, उज्ज्वल दत्ता, मुबारक अंसारी, बसंत भैया, दीपक कुमार, जयपाल कुमार, मुकेश महतो, बाबूजन टुडू, प्रीति कुमारी, राहुल कुमार समेत कई ग्रामीण डाक सेवक उपस्थित थे।