SIR के तहत 4 नवंबर को सभी मतदान केंद्रों पर होगी BLA-2 की पाँचवीं बैठक एवं चुनावी पाठशाला : विक्टर सोरेन
झारखंड मुक्ति मोर्चा केंद्रीय समिति, राँची से प्राप्त कार्यालय आदेश के आलोक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत दिनांक 4 नवंबर 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर BLA-2 की पाँचवीं बैठक एवं चुनावी पाठशाला आयोजित की जाएगी।
इस संबंध में झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने जिले के सभी प्रखंड अध्यक्षों एवं प्रखंड समिति के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रखंड अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के संबंधित BLA-2, बूथ स्तरीय समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों तक इस सूचना को पहुँचाते हुए बैठक में उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान नोटिस एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले मतदाताओं की नामवार सूची संबंधित BLA-2 एवं उपस्थित आम नागरिकों के समक्ष पढ़कर सुनाई जाएगी। इसके साथ ही मतदाताओं से आवश्यक जानकारी, सुझाव एवं आपत्तियाँ प्राप्त की जाएँगी, ताकि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटने न पाए और मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता बनी रहे।
जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने सभी प्रखंड अध्यक्षों की निगरानी में पंचायत समिति के वरिष्ठ नेताओं को विशेष जिम्मेदारी देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने अथवा नाम की पुष्टि कराने से वंचित न रहे। किसी भी पात्र मतदाता का नाम अनुचित रूप से मतदाता सूची से नहीं काटा जाए तथा मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा आपत्ति की जानकारी मिलने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई में सहयोग किया जाए।
उन्होंने आगे कहा कि SIR से संबंधित सभी कार्य शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न होने चाहिए। आम नागरिकों को इस प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करना संगठन की जिम्मेदारी है।
विक्टर सोरेन ने सभी प्रखंड समितियों से केंद्रीय समिति के निर्देशों का गंभीरता से पालन करने तथा संगठनात्मक स्तर पर आपसी समन्वय स्थापित कर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य स्पष्ट है—हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे और किसी भी नागरिक को उसके लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न होना पड़े।
जोहार! जय झारखंड!
विक्टर सोरेन
जिला अध्यक्ष पूर्वी सिंहभूम
झारखंड मुक्ति मोर्चा






