पांच दिनों से बूंद-बूंद पानी को तरसे वार्ड 06 के लोग, नगर निगम की व्यवस्था पर उठे सवाल
डीजी खरीद का प्रस्ताव तीन माह बाद भी लंबित, पार्षद संजीव कुमार ने तत्काल जलापूर्ति बहाल करने की मांग की
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह: नगर निगम के वार्ड संख्या 06 के विभिन्न मोहल्लों में पिछले करीब पांच दिनों से जलापूर्ति बाधित रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। भीषण गर्मी के बीच पानी के लिए लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार जल संकट को लेकर स्थानीय लोगों में नगर निगम प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। वार्ड पार्षद संजीव कुमार ने जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर नगर निगम और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पावर बैकअप के तौर पर डीजी (जनरेटर) खरीदने का प्रस्ताव नगर निगम बोर्ड की बैठक में पारित किया जा चुका है। इसके बावजूद करीब तीन माह बीत जाने के बाद भी जनरेटर की खरीद नहीं हो सकी है।पार्षद ने कहा कि जलापूर्ति बाधित होने पर कभी बिजली की समस्या तो कभी वोल्टेज फ्लक्चुएशन को कारण बताया जाता है। यदि बिजली और वोल्टेज की समस्या पहले से सामने थी, तो बोर्ड से डीजी खरीद का प्रस्ताव पारित होने के बावजूद अब तक जनरेटर की खरीद क्यों नहीं हुई, यह गंभीर सवाल है। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति जैसी आवश्यक सेवा को बिजली की अनिश्चितता के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। पावर बैकअप की व्यवस्था में हो रही देरी का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है और लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।संजीव कुमार ने नगर निगम प्रशासन से वार्ड 06 में तत्काल नियमित जलापूर्ति बहाल करने, बिजली एवं वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा बोर्ड से पारित डीजी खरीद के प्रस्ताव पर अविलंब कार्रवाई कर पावर बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता को नियमित पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस आवश्यक सेवा में लापरवाही से लोगों की परेशानी बढ़ रही है, जिसे किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।






