BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दुर्गा पूजा को लेकर नगर पंचायत सतर्क, अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील।


उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। आगामी दुर्गा पूजा एवं अन्य पर्व-त्योहारों को देखते हुए जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में सुगम यातायात, आम नागरिकों की सुविधा और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने दुकानदारों, व्यवसायियों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देशानुसार कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत जामताड़ा ने इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
नगर पंचायत प्रशासन ने जामताड़ा मुख्य बाजार, गांधी मैदान, टावर चौक, स्टेशन रोड, राजबाड़ी रोड तथा सुभाष चौक से रानी सती मंदिर तक मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने की अपील की है। साथ ही अस्थायी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के कारण आवागमन में बाधा उत्पन्न नहीं करने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से मुख्य सड़कों पर वाहन खड़ा नहीं करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है। सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा जाम की स्थिति उत्पन्न करने वाले कार्यों से बचने को कहा गया है।
सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने से बचें
पर्व-त्योहार के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों से कूड़ा-कचरा निर्धारित कूड़ेदान एवं कचरा संग्रहण स्थलों पर ही डालने की अपील की गई है। सड़क, नाली, चौक-चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कचरा नहीं फेंकने का आग्रह किया गया है। दुकानदारों एवं व्यवसायियों को भी अपनी दुकानों के बाहर सामान, ठेला, बैनर और बोर्ड इस तरह नहीं रखने को कहा गया है, जिससे सड़क या पैदल चलने वालों के आवागमन में परेशानी हो।
कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, व्यवस्थित एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत और जिला प्रशासन को आम लोगों का सहयोग आवश्यक है। निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित नियमों एवं कानूनों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।