पानी से भरे गड्ढे में गिरने से चार वर्षीय मासूम की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महुआर पंचायत अंतर्गत धरतीशरण गांव में गुरुवार की शाम पानी से भरे गड्ढे में गिरने से चार वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी तनवीर अंसारी के पुत्र कुर्बान अंसारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया, जबकि मासूम की मौत से माता-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के संबंध में बताया गया कि कुर्बान अंसारी गुरुवार की शाम घर के आसपास खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह पानी से भरे गड्ढे के समीप पहुंच गया। अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद आनन-फानन में उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि महेंद्र चौधरी तथा बेंगाबाद थाना के एएसआई अशोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस ने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। इधर, परिजनों ने मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए प्रशासन से पोस्टमार्टम नहीं कराने की गुहार लगाई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस मौके पर मौजूद थी।






