गिरिडीह कॉलेज में 9 दिन बाद अभाविप की भूख हड़ताल खत्म, प्राचार्य हटे राज्यपाल ने 7 दिनों में जांच और दोषियों पर कार्रवाई का दिया आश्वासन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गिरिडीह :गिरिडीह कॉलेज में विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का पिछले 12 दिनों से चल रहा आंदोलन शुक्रवार को एक अहम पड़ाव पर पहुंचा। पिछले नौ दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे अभाविप कार्यकर्ता नीरज चौधरी और अनीश राय ने शुक्रवार को भूख हड़ताल समाप्त कर दी। हालांकि, अभाविप ने स्पष्ट किया है कि जब तक दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
अभाविप के अनुसार, 25 सितंबर को गिरिडीह कॉलेज के प्राचार्य को पद से हटा दिया गया है। वहीं, महामहिम राज्यपाल से हुई टेलिफोनिक वार्ता में सात दिनों के भीतर मामले की जांच कर दोषी पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। कुलपति ने भी निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की बात कही है। अभाविप प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने कहा कि राज्यपाल और कुलपति की ओर से जांच व कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद दोनों कार्यकर्ताओं की भूख हड़ताल समाप्त की गई है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है। दोषियों पर कार्रवाई होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। भूख हड़ताल समाप्त कराने के दौरान गिरिडीह कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य के.एन. शर्मा, एसपी सिन्हा और मुकेश रंजन सिंह ने संयुक्त रूप से नीरज चौधरी और अनीश राय को जूस व मिठाई खिलाकर अनशन समाप्त कराया।
मौके पर मिथुन चंद्रवंशी, अनूप यादव, नितेश तिवारी, बिट्टू, मोदी, अभिजीत सिन्हा, सदानंद राय, संदीप वर्मा, अभिनव जीत समेत अभाविप के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।






