JLKM ने किया पुतला दहन, कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी संगठन के सम्मान और स्वाभिमान से समझौता नहीं होगा : नितेश तिवारी*
मेदिनीनगर: धनबाद सांसद ढुल्लू महतो द्वारा झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के कार्यकर्ताओं के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को JLKM कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मेदिनीनगर के छह मुहान पर सांसद का पुतला दहन किया। इससे पूर्व कार्यकर्ताओं ने जेलहाता स्थित पार्टी के जिला कार्यालय से पैदल विरोध मार्च निकाला, जो छह मुहान पहुंचकर समाप्त हुआ। यहां कार्यकर्ताओं ने सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दिलीप मेहता ने की, जबकि संचालन प्रमंडलीय प्रवक्ता आशुतोष तिवारी ने किया। मौके पर जिला अध्यक्ष दिलीप मेहता ने कहा कि सांसद ने संगठन के कार्यकर्ताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन के सम्मान के साथ खिलवाड़ करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
संगठन के सम्मान और स्वाभिमान से समझौता नहीं : नितेश तिवारी
कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे पलामू प्रमंडलीय महासचिव नितेश तिवारी ने कहा कि संगठन के सम्मान और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सांसद की कथित टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस तरह सांसद ने चुनौतीपूर्ण भाषा का इस्तेमाल किया है, वह उनकी गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने सांसद के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि किसी भी संगठन के कार्यकर्ताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नितेश तिवारी ने आरोप लगाया कि जयराम महतो की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर सांसद इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने सांसद पर कोयला कारोबार से जुड़े गंभीर आरोप भी लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद से उनके बयान पर सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की टिप्पणी दोहराई गई तो JLKM कार्यकर्ता इसका कड़ा विरोध करेंगे। संगठन के कार्यकर्ताओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
खुद माफियाओं से साठगांठ के आरोपों पर सांसद को घेरा : आशुतोष तिवारी
प्रमंडलीय प्रवक्ता आशुतोष तिवारी ने कहा कि धनबाद सांसद ढुल्लू महतो द्वारा JLKM कार्यकर्ताओं को लेकर दिया गया बयान बर्दाश्त के काबिल नहीं है। उन्होंने सांसद पर कोयला माफिया, भू-माफिया समेत अन्य लोगों से कथित साठगांठ के आरोप लगाते हुए कहा कि किसी पर टिप्पणी करने से पहले सांसद को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। इस दौरान मौके पर जिला उपाध्यक्ष सचिन शर्मा, पिंटू कुशवाहा, जिला सचिव लल्लू यदाव, नगर अध्यक्ष योगेंद्र मंडल, लेशलीगंज प्रखंड अध्यक्ष राजा राम चंद्रवंशी, सत्या सिंह, राज सोनी सहित बड़ी संख्या में JLKM कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में संगठन के सम्मान की रक्षा करने और सांसद के कथित बयान का विरोध जारी रखने की बात कही।






