उप राष्ट्रपति के देवघर दौरे को लेकर परिसदन में उच्चस्तरीय बैठक, प्रोटोकॉल और सुरक्षा का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश
अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो
देवघर : भारत के उप-राष्ट्रपति के 10 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को प्रस्तावित देवघर दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। गुरुवार को परिसदन सभागार में सुरक्षा व्यवस्था, विधि व्यवस्था और प्रोटोकॉल के शत-प्रतिशत अनुपालन को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रतिनियुक्त वरीय प्रभारी मनीष रंजन, निदेशक, श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान, रांची ने की। इस दौरान उन्होंने एयरपोर्ट, एम्स और सैन्य संपर्क मेला के दौरान की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानियां ने देवघर एयरपोर्ट पर आगवानी से लेकर मुख्य कार्यक्रम स्थल तक की प्रशासनिक और बुनियादी तैयारियों की वस्तुस्थिति से सभी को अवगत कराया। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए, सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी समय पर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, सिविल सर्जन, एम्स व एयरपोर्ट प्रबंधन के निदेशक, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, स्थापना उप समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, यातायात डीएसपी, हेडक्वार्टर डीएसपी, विद्युत, आरसीडी, नेशनल हाईवे, बीसीडी के कार्यपालक अभियंता, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, फूड सेफ्टी ऑफिसर सहित अन्य अधिकारी व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।






