BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

दीपावली-छठ को लेकर देवघर नगर निगम अलर्ट, 51 छठ घाटों पर विशेष तैयारी


अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर देवघर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार, 26 अक्टूबर को अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में स्वच्छता शाखा की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें शहर के 51 छोटे-बड़े छठ घाटों पर सफाई, रोशनी और नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में नगर प्रबंधकों और फूड सह सेनेटरी इंस्पेक्टरों को शामिल कर तीन निरीक्षण दलों का गठन किया गया है। सभी दल प्रतिदिन अपने आवंटित वार्डों के छठ घाटों का निरीक्षण करेंगे और सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत रिपोर्ट अपर नगर आयुक्त को सौंपेंगे, ताकि कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।

अपर नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि सभी घाटों तक जाने वाले पहुंच पथों का समतलीकरण, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, घाटों के आसपास झाड़ियों की कटाई और जलकुंभी की सफाई प्राथमिकता पर पूरी की जाए। साथ ही व्रतियों की सुविधा और निजता को देखते हुए सभी घाटों पर चेंजिंग प्वाइंट की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

नगर निगम ने बताया कि शहर में कुल 51 छठ घाट चिन्हित हैं, जहां हर साल छठ पूजा होती है। इन सभी घाटों पर सफाई और व्यवस्थाओं के लिए कार्यादेश जारी कर दिया गया है। निगम का लक्ष्य है कि महापर्व के दौरान सभी घाट स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित रहें, ताकि श्रद्धालुओं और व्रतियों को किसी तरह की असुविधा न हो।