BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

डीडीसी ने सारठ में निर्माणाधीन हाईटेक पुस्तकालय का किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया जोर


रांची एक्सप्रेस संवाददाता 

सारठ (देवघर) : जिले के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) पीयूष सिन्हा सोमवार को लगातार दूसरे दिन सारठ प्रखंड मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ डीआरडीए निदेशक सागरी वाराल, जिला शिक्षा अधीक्षक मधुकर कुमार और जिला अभियंता दिलीप मरांडी भी मौजूद रहे।

डीडीसी ने प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के पुराने जर्जर भवन के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया, जहां जिला परिषद देवघर द्वारा करीब 20 लाख रुपये की लागत से पुस्तकालय भवन बनाया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संवेदक को कड़ी हिदायत देते हुए कहा कि काम निर्धारित मानकों के अनुरूप और गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बिजली वायरिंग में लोकल कंपनी के तार और बोर्ड का उपयोग देख उन्होंने नाराजगी जताई और तुरंत हैवल्स कंपनी के तार-बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। साथ ही भवन में एलईडी स्क्रीन, फर्नीचर, लाइट, पंखा समेत अन्य जरूरी सुविधाएं लगाने को कहा। दिव्यांग छात्रों की सुविधा के लिए रैंप और व्हीलचेयर की व्यवस्था का भी निर्देश दिया।

डीडीसी ने बताया कि इस जर्जर भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक पुस्तकालय के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को पढ़ने की बेहतर सुविधा मिलेगी। पुस्तकालय में सामान्य और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों के साथ-साथ आधुनिक स्टडी मटेरियल और लर्निंग रिसोर्स उपलब्ध कराए जाएंगे। भविष्य में इसे लर्निंग हब के रूप में विकसित करने की योजना है, ताकि विद्यार्थियों को एक ही जगह पर अध्ययन की सभी सुविधाएं मिल सकें।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 अक्टूबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऑनलाइन इस पुस्तकालय का उद्घाटन कर सकते हैं। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन काम को जल्द पूरा कराने के लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है। मौके पर सांसद प्रतिनिधि इश्तियाक मिर्जा सहित अन्य मौजूद थे।