BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

देवघर एम्स के लिए बड़ी सौगात, पावर ग्रिड सब-स्टेशन का सफल संचालन शुरू


अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : देवघर 'एम्स' के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित एक महत्वपूर्ण परियोजना पूरी हो गई है। झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड (JUSNL) और झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) द्वारा एम्स देवघर के लिए बनाए गए पावर  ग्रिड सब-स्टेशन (GSS) और फीडर का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। नए समर्पित ग्रिड से 'एम्स' को बिजली आपूर्ति शुरू हो गई है।

नवनिर्मित इस सब-स्टेशन की क्षमता 132/33 केवी, 50 एमवीए है। इसके शुरू होने से अस्पताल को मिलने वाली बिजली की गुणवत्ता, निरंतरता और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार होगा, जो मरीजों की देखभाल और संवेदनशील चिकित्सा उपकरणों के सुचारू संचालन के लिए बेहद जरूरी है।

इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत बिजली आपूर्ति की दूरी का घटना है। इससे पहले एम्स देवघर को डाबरग्राम स्थित पुराने सब-स्टेशन से लगभग 17 से 18 किलोमीटर लंबे फीडर के माध्यम से बिजली मिलती थी, जिसके कारण आए दिन ट्रिपिंग और वोल्टेज की समस्या बनी रहती थी। नए समर्पित फीडर के बनने से यह दूरी काफी कम हो गई है और आपूर्ति ज्यादा स्थिर हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह नया ग्रिड राज्य सरकार के नए पावर ग्रिड से जोड़ा गया है, जहाँ से एम्स के लिए डेडिकेटेड फीडर निकाला गया है।

इस उपलब्धि को देवघर 'एम्स' के पावर इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। JUSNL और JBVNL का यह कदम एम्स जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में सराहनीय पहल है।