चतरा में राजद की जिला कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न, संगठन मजबूती पर जोर
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
चतरा। जिला मुख्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की जिला कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सुभाष प्रसाद यादव के आवास पर हुई इस बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने और जनहित के मुद्दों पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में जिला प्रभारी सह प्रदेश युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष रंजन यादव, प्रदेश प्रधान महासचिव सह पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता और सह प्रभारी साहिल साहनी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नवल किशोर यादव ने की, जबकि संचालन युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष प्रतीक प्रकाश अंगार ने किया। इस दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
गरीबों और वंचितों की आवाज है राजद : रंजन यादव
जिला प्रभारी रंजन यादव ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल हमेशा गरीबों, वंचितों, शोषितों, किसानों, मजदूरों और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाता रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा और नीतियों को आम जनता तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को समझने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की जरूरत है।पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत, निष्ठा और जनसेवा की भावना से ही संगठन मजबूत बनता है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी एकजुटता बनाए रखते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही आम जनता के बीच पार्टी की पहुंच बढ़ाने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर बल दिया।बैठक में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अरुण कुमार यादव, प्रदेश युवा नेता क्षितिज मिश्रा एवं कमलेश यादव, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष शारदा देवी सहित विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।


.jpg)



