भूमि वाद का जजमेंट लिखने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, एसीबी ने की कार्रवाई
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
चतरा। अनुमंडल कार्यालय में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एसीबी हजारीबाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए सहायक प्रशासी अधिकारी बासुदेव राम को कथित रूप से रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की कार्रवाई से अनुमंडल कार्यालय के कर्मचारियों में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा।जानकारी के अनुसार, हंटरगंज निवासी विलास यादव से भूमि विवाद से संबंधित लंबित जजमेंट लिखने के नाम पर कथित रूप से रिश्वत की मांग की गई थी। इस संबंध में शिकायतकर्ता ने एसीबी से शिकायत की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी की टीम ने मामले की जांच की और गुरुवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए बासुदेव राम को कथित रिश्वत लेते दबोच लिया।गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी अधिकारी को उनके कार्यालय में ले गई और कार्यालय का दरवाजा बंद कर पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान कार्यालय में मौजूद कर्मियों को अंदर चल रही कार्रवाई की जानकारी नहीं होने और दरवाजा बंद किए जाने को लेकर नाराजगी जताई गई। देखते ही देखते कार्यालय कर्मियों में आक्रोश फैल गया और हंगामा शुरू हो गया। हंगामे के बाद एसीबी टीम ने कार्यालय का दरवाजा खोल दिया।इसके बाद एसीबी की टीम ने अनुमंडल कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों को भी खंगाला और मामले से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई। काफी देर तक चली पूछताछ और जांच की प्रक्रिया के बाद एसीबी की टीम गिरफ्तार बासुदेव राम को अपने साथ हजारीबाग ले जाने की तैयारी में जुटी रही।एसीबी की इस कार्रवाई के बाद अनुमंडल कार्यालय के कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। हालांकि, रिश्वत की राशि और कार्रवाई से जुड़े अन्य विस्तृत तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि एसीबी की ओर से किए जाने के बाद ही पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।






