क्षेत्रीय खेल कूद प्रतियोगिता में महेंद्र मुनि के भईया का साहसिक प्रदर्शन
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
मधुपुर बाजार (देवघर) : विद्या भारती उत्तर-पूर्व क्षेत्र द्वारा आयोजित एथलेटिक्स की क्षेत्रीय खेल प्रतियोगिता में महेंद्र मुनि सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मधुपुर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के तीन भैया लोगों ने विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
तरुण वर्ग में परमवीर शाही ने गोला फेंक में प्रथम स्थान और ऊंची कूद में तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बाल वर्ग में सुजीत कुमार टुडू ने ऊंची कूद में प्रथम स्थान, राजू कुमार सिंह ने लंबी कूद में द्वितीय स्थान तथा चक्का फेंक में तृतीय स्थान हासिल किया।
इस शानदार सफलता के उपलक्ष्य में सोमवार को विद्यालय परिसर में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा एवं उप प्रधानाचार्य शिवनाथ झा ने सभी विजेता भैया लोगों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया।
अपने संबोधन में प्रधानाचार्य मदन मोहन मिश्रा ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित करना और उसकी प्राप्ति के लिए कठिन परिश्रम करना हमारा ध्येय होना चाहिए। सभी सफल व्यक्तियों के पीछे की कहानी को पढ़ना, सुनना और उसे जीवन में उतारने का प्रयास करना चाहिए। हर हाल में सफल होना यही संकल्प हर छात्र-छात्रा में होना चाहिए।
विद्यालय की इस उपलब्धि पर अध्यक्ष सरोज कुमार मिश्रा, सचिव राजकुमार कोठारी, संरक्षक मानक चंद नाहटा एवं तेरापंथ ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी विमल कुमार बरडिया ने शुभकामना संदेश भेजकर अखिल भारतीय प्रतियोगिता में भी विजयी होने की कामना की है।






