BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 1 नवंबर को, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परीक्षार्थियों से किया सहयोग का आग्रह


रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 का आयोजन 1 नवंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी परीक्षार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, आम नागरिकों तथा परीक्षा कार्य में शामिल कर्मियों और पदाधिकारियों से पूर्ण सहयोग की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार और मानव संसाधन के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए आवश्यक है कि पूरे राज्य में परीक्षाओं का संचालन शांतिपूर्ण वातावरण में और कदाचारमुक्त तरीके से हो। झारखंड अधिविद्य परिषद की ओर से जिला प्रशासन के सहयोग से परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी, ताकि परीक्षा में पारदर्शिता बनी रहे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन और समय पर परीक्षाफल का प्रकाशन प्राथमिकता है। परीक्षा में किसी भी स्तर पर कदाचार करने या करवाने वालों तथा निर्धारित दायित्वों का निर्वहन नहीं करने वाले कर्मियों के खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सभी परीक्षार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निःस्वार्थ भाव से परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने झारखंड की गरिमा बनाए रखते हुए उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए ईमानदारी और निष्ठा के साथ परीक्षा के सफल संचालन में अपनी भूमिका निभाने का आग्रह किया है।