ट्रिपल आइटी के छात्र सक्षम को मिला 1.25 करोड़ का पैकेज, संस्थान ने जताया आभार
विशेष संवाददाता
रांची : भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आइटी) रांची के छात्र सक्षम को 1.25 करोड़ का पैकेज मिला है। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (डेटा साइंस व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के छात्र सक्षम को प्रतिष्ठित आइटी कंपनी रुब्रिक में टेक्निकल प्रोग्राम मैनेजर का ऑफर मिला है। संस्थान के अनुसार, यह ट्रिपल आइटी रांची के इतिहास में अब तक किसी छात्र को मिला सबसे बड़ा पैकेज है। सक्षम ने संस्थान में पढ़ाई के दौरान तकनीकी दक्षता, समस्या-समाधान क्षमता और व्यावसायिक योग्यता का प्रदर्शन किया। संस्थान की ओर से बताया गया कि छात्रों को बेहतर प्लेसमेंट के लिए अकादमिक शिक्षा के साथ तकनीकी अनुभव, उद्योग जगत से जुड़ने के अवसर और करियर मार्गदर्शन दिया जाता है। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल, संकाय सदस्यों और मेंटर्स की ओर से छात्रों को इंटरव्यू की तैयारी, तकनीकी कौशल विकास और भर्ती प्रक्रिया के विभिन्न चरणों में सहयोग दिया जाता है।
अपनी सफलता पर सक्षम ने परिवार और मित्रों के साथ-साथ संस्थान के प्राध्यापकों और मार्गदर्शकों का आभार जताया। उन्होंने कहा, यह उपलब्धि मेरे लिए बेहद खास और भावुक कर देने वाली है। मैं उन सभी का हृदय से आभारी हूं जिन्होंने इस पूरे सफर में मेरा साथ दिया और मुझ पर अटूट विश्वास बनाये रखा।
संस्थान के निदेशक प्रो राजीव श्रीवास्तव ने सक्षम को बधाई दी और उनकी मेहनत, निष्ठा और लगन की सराहना की। उन्होंने कहा कि सक्षम की सफलता उस उत्कृष्टता की भावना का प्रमाण है, जिसे ट्रिपल आइटी रांची अपने परिसर में लगातार बढ़ावा दे रहा है। डेटा साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए ट्रिपल आईटी रांची के सक्षम की सफलता खास संदेश देती है।




.jpeg)

