टेक होम राशन वितरण में रामगढ़ पूरे झारखंड में अव्वल, 96.4 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पाया पहला स्थान
रामगढ़। सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में रामगढ़ जिले ने एक बार फिर अपनी बेहतर कार्यशैली का परिचय दिया है। टेक होम राशन (घर ले जाने के लिए राशन) वितरण में रामगढ़ ने पूरे झारखंड में पहला स्थान हासिल किया है। अक्टूबर माह की राज्य स्तरीय रैंकिंग में जिले ने 96.4 प्रतिशत वितरण के साथ यह उपलब्धि प्राप्त की है। इस दौरान जिले के कुल 33,122 लाभार्थियों को राशन उपलब्ध कराया गया।
33 हजार से अधिक लाभार्थियों को मिला लाभ
अक्टूबर माह में वितरित राशन से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, छोटे बच्चों और किशोरी बालिकाओं को लाभ मिला। आंकड़ों के अनुसार, जिले में 3,993 गर्भवती महिलाओं, 2,607 धात्री माताओं, छह माह से तीन वर्ष तक के 22,165 बच्चों तथा 14 से 18 वर्ष तक की 4,357 चिन्हित किशोरी बालिकाओं को टेक होम राशन उपलब्ध कराया गया।
डीसी ने समाज कल्याण विभाग की टीम को दी बधाई
इस उपलब्धि पर उपायुक्त ऋतुराज ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो सहित विभाग की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इसी तरह प्रतिबद्धता और तत्परता के साथ कार्य करते रहें, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
पोषण स्तर में सुधार करना है योजना का उद्देश्य
टेक होम राशन योजना का मुख्य उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, छोटे बच्चों और चिन्हित किशोरी बालिकाओं को पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से लाभार्थियों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जाता है। जिले की इस उपलब्धि को जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग के बेहतर समन्वय, नियमित निगरानी तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम माना जा रहा है। जिला प्रशासन ने आगे भी इसी तत्परता से योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई है।






