BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

प्रतियोगिता में खेल भावना को सर्वोपरि रखना ही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान : रोशनलाल


भुरकुंडा। जुबिली कॉलेज भुरकुंडा के तत्वावधान में मंगलवार से रिवर साइड स्थित मयूर स्टेडियम में दो दिवसीय विनोबा भावे विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी तीरंदाजी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसमें आठ महाविद्यालयों के 18 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, विशिष्ट अतिथि विनोबा भावे विवि के सीसीडीसी डॉ मिथिलेश कुमार सिंह, कॉलेज के प्रचार्य डॉ बालकृष्ण, प्रो आलोक कुमार व प्रो राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके पश्चात प्रतियोगिता की शुरुआत मुख्य अतिथि रोशनलाल चौधरी द्वारा निशाना लगाकर की गई, जिसे देखकर उपस्थित प्रतिभागियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इसके पूर्व अतिथियों का स्वागत कॉलेज परिवार द्वारा पुष्प गुच्छ देकर व अंगवस्त्र प्रदान कर किया गया। इस दौरान अतिथियों ने प्रतियोगिता में मौजूद रामगढ़ जिले के अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी खिलाड़ी दुर्गावती कुमारी एवं मुकेश तुरी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। ​मौके पर विधायक रोशनलाल चौधरी ने कहा कि तीरंदाजी केवल एक खेल नहीं, बल्कि यह एकाग्रता, संयम और लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है। आज के युवा खिलाड़ी जिस प्रकार अनुशासन और सटीकता के साथ निशाना साध रहे हैं, वह यह साबित करता है कि हमारा देश इस खेल में वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान बना रहा है। हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना को सर्वोपरि रखना ही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है। प्रचार्य डॉ बालकृष्ण ने कहा कि हमारे महाविद्यालय के लिए यह गर्व का विषय है कि हमें इस अंतर-महाविद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला। हमारा हमेशा से यह प्रयास रहा है कि विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए बेहतरीन मंच और सुविधाएं प्रदान की जाएं। मुझे पूरा विश्वास है कि यहां से निकले खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कॉलेज का नाम ऊंचा करेंगे। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के बीच बेहद कड़ा मुकाबला देखने को मिला। रिकर्व और कंपाउंड श्रेणियों में तीरंदाजों ने अपने अचूक निशानों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मैदान पर मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में विवि द्वारा चयन समिति के अध्यक्ष प्रचार्य डॉ बालकृष्ण, सदस्य मनोज कुमार व विनोद कुमार को नियुक्त किया। प्रतियोगिता के अंत में सफल प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा मेडल प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता के पहले दिन इन्होंने किया अपने नाम पदक

तीरंदाजी प्रतियोगिता के पहले दिन इंडियन राउंड बालिका वर्ग में ​स्वर्ण पदक फुलमती कुमारी संत कोलंबस कॉलेज हजारीबाग, ​रजत पदक मनीषा कुमारी कर्णपुरा कॉलेज बड़कागांव व कांस्य पदक अंबिका कुमारी कर्णपुरा कॉलेज बड़कागांव ने हासिल किया। वहीं इंडियन राउंड बालक वर्ग में ​स्वर्ण पदक अमन कुमार सीएन कॉलेज, ​रजत पदक राजीव कुमार मार्खम कॉलेज व कांस्य पदक आर्यन कुमार मार्खम कॉलेज अपने नाम किया। जबकि कंपाउंड राउंड बालिका वर्ग में ​स्वर्ण पदक ज्योति बाला जुबिली कॉलेज भुरकुंडा, ​रजत पदक साहिला साहीन पीजी वीबीयू हजारीबाग व ​कांस्य पदक सुकृति सिंह जुबिली कॉलेज भुरकुंडा ने हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। वहीं बालक वर्ग ​कंपाउंड राउंड में ​स्वर्ण पदक प्रियांशु कुमार  आनंद कॉलेज, रिकर्व राउंड बालक वर्ग में ​स्वर्ण पदक सागर कुमार गिरिडीह कॉलेज गिरिडीह, रिकर्व राउंड बालिका वर्ग में ​स्वर्ण पदक रानी कुमारी गिरिडीह कॉलेज ने अपने नाम किया।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में ये हैं सक्रिय

जुबिली कॉलेज में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता को सफल बनाने में खेल प्रभारी प्रो मनोज कुमार, डॉ एसपी पांडेय, प्रो टीके झा, प्रो एसके मिश्रा, डॉ बी रविदास, डॉ गोपाल विश्वकर्मा, डॉ एसएस पांडेय, डॉ एपी दांगी, डॉ बालमुकुंद, सुरेश सिंह, नारायण सिंह, कृष्णा, दीपक मुंडा, महावीर, अमन, सन्नी, गायत्री, करण, लालदेव, धर्मेंद्र, सिकंदर सहित कॉलेज के शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारी सक्रिय हैं।