बनने के चंद दिनों में ही उखड़ने लगी पटेल चौक-कुजू सड़क, निर्माण की गुणवत्ता पर चैंबर ने उठाए सवाल
रामगढ़। लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई जा रही सड़क यदि चंद दिनों में ही जवाब देने लगे, तो निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठना लाजिमी है। पटेल चौक से कुजू नया मोड़ तक निर्माणाधीन सड़क की बदहाल होती स्थिति को लेकर रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने गंभीर चिंता जताई है। चैंबर ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी और निम्नस्तरीय सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत करते हुए उपायुक्त ऋतुराज से पूरे मामले की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
चंद दिनों में उखड़ने लगी सड़क, जगह-जगह गड्ढे
चैंबर अध्यक्ष मंजीत सहानी ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के कुछ ही दिनों के भीतर कई स्थानों पर सड़क उखड़ने लगी है और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। यह स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता को बेहतर और टिकाऊ सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बड़ी धनराशि खर्च करती है। ऐसे में निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता होना न केवल सरकारी राशि के संभावित दुरुपयोग का मामला है, बल्कि सड़क से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।
केवल जांच नहीं, दोषियों पर कार्रवाई भी हो
चैंबर ने उपायुक्त को पत्र लिखकर अब तक किए गए निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की है। साथ ही सड़क निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला में गुणवत्ता परीक्षण कराने पर जोर दिया है। चैंबर का कहना है कि जांच में गड़बड़ी सामने आने पर संबंधित संवेदक के साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। इसके अलावा जहां सड़क क्षतिग्रस्त हुई है, वहां निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप दोबारा निर्माण कराया जाए।
सरकारी राशि का सदुपयोग सुनिश्चित करना जरूरी
चैंबर के मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी मानु ने कहा कि सड़क निर्माण जैसे जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। सरकारी राशि का सदुपयोग सुनिश्चित करना और आम जनता को मजबूत, सुरक्षित एवं टिकाऊ सड़क उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उपायुक्त इस मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।






