BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

सदर अस्पताल में सप्ताह में दो दिन मिलेगी न्यूरो सर्जरी ओपीडी की सुविधा


सोमवार और शुक्रवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक विशेषज्ञ चिकित्सक करेंगे मरीजों का इलाज, जल्द शुरू होगी हृदय रोग चिकित्सा सेवा

अनिल विश्वकर्मा 

रामगढ़। जिले के मरीजों को अब न्यूरो संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। सदर अस्पताल रामगढ़ में प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को न्यूरो सर्जरी ओपीडी की सुविधा उपलब्ध होगी। दोनों दिन सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक विशेषज्ञ न्यूरो सर्जन मरीजों को चिकित्सीय परामर्श देंगे। वहीं, अस्पताल में जल्द ही हृदय रोग चिकित्सा (कार्डियोलॉजी) सेवा भी शुरू करने की तैयारी चल रही है।

डीसी की पहल पर लिया गया निर्णय

झारखंड सरकार के निर्देश और जिला प्रशासन की पहल पर शुरू की जा रही इस सुविधा को लेकर सोमवार को सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अनिल कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें सदर अस्पताल में नियमित न्यूरो सर्जरी ओपीडी संचालित करने का निर्णय लिया गया। इस प्रस्ताव को डीसी ऋतुराज की स्वीकृति भी मिल चुकी है।

जल्द मिलेगी हृदय रोग के इलाज की सुविधा

सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार ने बताया कि न्यूरो सर्जरी ओपीडी के साथ ही सदर अस्पताल में कार्डियोलॉजी सेवा शुरू करने की दिशा में भी तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए उच्च स्तर पर बातचीत और आवश्यक प्रक्रिया जारी है। इस सेवा के शुरू होने से हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को भी जिले में विशेषज्ञ चिकित्सीय परामर्श और इलाज की सुविधा मिल सकेगी।

मरीजों को समय पर मिलेगा विशेषज्ञ परामर्श

न्यूरो ओपीडी शुरू करने का उद्देश्य मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियों की समय पर पहचान, विशेषज्ञ परामर्श और आगे के उपचार के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। अस्पताल प्रबंधन ने जरूरतमंद मरीजों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।