गोला में स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को टाटा मैजिक ने मारी जोरदार टक्कर, आठ घायल
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
गोला। गोला थाना क्षेत्र के हेमतपुर के समीप मंगलवार की सुबह भीषण सड़क दुर्घटना में स्कूली बच्चों से भरे ऑटो रिक्शा को विपरीत दिशा से आ रही टाटा मैजिक वैन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान टाटा मैजिक ने एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में कुल आठ लोग घायल हुए हैं। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। गंभीर रूप से घायल एक बच्ची को रांची रेफर किया गया।
स्कूल जा रहे थे छात्र-छात्राएं
बताया जाता है कि ऑटो में सवार छात्र-छात्राएं गोला उच्च विद्यालय में पढ़ाई के लिए जा रहे थे। घायलों में सोसो निवासी ज्योति विश्वकर्मा (16 वर्ष), तृप्ति पटेल (15 वर्ष), सबिता प्रवीण (16 वर्ष), महलीडीह निवासी युवराज कुमार (17 वर्ष), ऑटो चालक कपिल चौधरी, छोटू आमिर (60 वर्ष) एवं राजेश कुमार साव (50 वर्ष) शामिल हैं।
हादसे की खबर सुन छात्रा राधिका की बिगड़ी तबीयत
दुर्घटना की खबर सुनकर सोसो विद्यालय की छात्रा राधिका कुमारी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हादसे की जानकारी मिलने के बाद उसकी धड़कनें तेज हो गईं और सांस फूलने लगी। घबराहट और बेचैनी की स्थिति में परिजन उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
बरलंगा में भी सड़क हादसा, एक व्यक्ति घायल
इधर, बरलंगा थाना क्षेत्र के दूधमटिया के समीप मंगलवार सुबह हुई एक अन्य सड़क दुर्घटना में ऊपरबरगा निवासी कालीचरण करमाली घायल हो गए। इस तरह सुबह के समय अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कुल नौ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।






