BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

उरीमारी में सैनिक कंपनी के गेट पर फायरिंग, गार्ड को लगी गोली, रांची रेफर


घटनास्थल से सात खोखा बरामद, चार पर्चे छोड़कर फरार हुए अपराधी, स्पेशल प्रोजेक्ट ऑफिसर को अगला निशाना बनाने की धमकी

अनिल विश्वकर्मा/अजीत कुमार 

उरीमारी। उरीमारी ओपी क्षेत्र के पोटंगा स्थित सैनिक कंपनी के गेट के पास सोमवार की मध्यरात्रि फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गोलीबारी में कंपनी का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने सात खोखा बरामद किया है। वहीं, अपराधी चार पर्चे छोड़कर फरार हो गए। पर्चों में स्पेशल प्रोजेक्ट ऑफिसर के कार्यालय और घर को अगला निशाना बनाने की धमकी दी गई है।

आधी रात को गेट पर फायरिंग

उरीमारी थाना प्रभारी रथू उरांव के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही वह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, राहुल दुबे गिरोह से जुड़े तीन अपराधियों ने रात करीब 12 बजे सैनिक कंपनी के गेट पर फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से सुरक्षा गार्ड घायल हो गया। उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया।

चार पर्चे छोड़कर दी धमकी

घटनास्थल पर मिले चार पर्चों में स्पेशल प्रोजेक्ट ऑफिसर के कार्यालय और घर को अगला निशाना बनाने की धमकी दी गई है। पर्चे में लिखा है कि यह घटना केवल चेतावनी है और अगला निशाना स्पेशल प्रोजेक्ट ऑफिसर का कार्यालय व घर होगा। साथ ही सोनाराम मांझी और संजय करमाली के साथ मिलकर न्यू बरसा साइडिंग तथा बरका-सयाल में काम करने को लेकर आपत्ति जताते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है।

सात खोखा बरामद, जांच में जुटी पुलिस

घटनास्थल से पुलिस ने सात खोखा बरामद किया है। थाना प्रभारी रथू उरांव के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर छोड़े गए पर्चों की जांच के साथ फायरिंग में शामिल अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटना के पीछे के कारणों का भी पता लगा रही है।