राष्ट्रीय स्तर पर चमके डीएवी रजरप्पा के खिलाड़ी, 36 स्वर्ण पदक विजेताओं का सम्मान
सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास और समर्पण आवश्यक : आशीष झा
फोटो03 :
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। सीसीएल रजरप्पा स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में विशेष प्रातःकालीन सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीसीएल के सीएसआर नोडल पदाधिकारी आशीष झा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामाकांत साहू ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
36 विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने वाले 30 विद्यार्थियों को पदक एवं 5,100 रुपए का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, व्यक्तिगत स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले छह खिलाड़ियों को भी स्वर्ण पदक एवं 5,100 रुपए का चेक प्रदान किया गया।
नेटबॉल और खो-खो खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना
दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंडर-17 एवं अंडर-19 नेटबॉल टीमों के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। वहीं, अंडर-19 खो-खो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धियों की भी सराहना की गई। इस दौरान कक्षा छठी के विद्यार्थी आयुष कश्यप एवं छात्रा आध्या चौबे ने प्रेरणादायक विचार और संस्कृत श्लोक प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
मुख्य अतिथि आशीष झा ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करने, अनुशासन बनाए रखने और भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास और समर्पण आवश्यक है। मुख्य अतिथि ने उन विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन किया, जो इस बार सफलता प्राप्त नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि असफलता से निराश होने की आवश्यकता नहीं है। निरंतर प्रयास, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर भविष्य में अवश्य सफलता प्राप्त की जा सकती है।






