दुलमी में आजीविका महिला सहकारिता समिति की वार्षिक आमसभा आयोजित
महिला समूहों से ग्रामीण महिलाओं को मिल रहा आत्मनिर्भरता का अवसर : सुधीर मंगलेश
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
रजरप्पा। दुलमी प्रखंड के दुलमी पंचायत सचिवालय में आजीविका महिला संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारिता समिति लिमिटेड की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि दुलमी प्रखंड बीससूत्री अध्यक्ष सुधीर मंगलेश, विशिष्ट अतिथि उप प्रमुख धर्मधीर महतो एवं मुखिया रविंद्र महतो उपस्थित थे। बीससूत्री अध्यक्ष सुधीर मंगलेश ने कहा कि महिला समूह ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। महिलाओं को स्वरोजगार, प्रशिक्षण और विभिन्न आर्थिक गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय के साधनों को मजबूत किया जा सकता है। समूह के माध्यम से महिलाएं छोटी-छोटी आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आजीविका से जुड़ी महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी सामूहिक प्रयास जरूरी है। इससे महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को और गति मिल सकती है एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। इस दौरान समिति की ओर से वर्षभर की गतिविधियों, आय-व्यय एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की गई। उपस्थित सदस्यों ने समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए आने वाले समय में महिला समूहों को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की। इस अवसर पर बीपीएम सबिहा नाज, तारा कुमारी, पंचायत सचिव बबलू कुमार, बैजनाथ महतो, ललिता देवी, शावान अंसारी, लखन शर्मा, हेमंती देवी, सुमन कुमारी, निशा देवी, रूबी देवी, श्वेता देवी, प्रमिला देवी, कनिका, पिंकी देवी, मीना, मीनाक्षी, रूपा, कविता, छोटी, मुनिता, ममता, पूनम सहित कई लोग उपस्थित थे।




.jpeg)

