बीएफसीएल में कर्मचारियों के प्रति सम्मान और अपनत्व की अनूठी पहल, 135 कर्मियों ने मनाया सामूहिक जन्मदिन
रामगढ़। बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल), रामगढ़ में कर्मचारियों के प्रति सम्मान, अपनापन और पारिवारिक भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से शनिवार को सामूहिक जन्मदिन समारोह का आयोजन किया गया।
केक काटकर साझा की खुशियां
समारोह में जीएफए, एचएसपीए, प्रधान कार्यालय तथा एमडीएच कार्यालय, रांची के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन एचएएसपी कैंटीन, जीएफए कैंटीन और मुख्य कार्यालय में किया गया। इस दौरान सामूहिक रूप से केक काटकर जन्मदिन मनाने वाले सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी गईं। विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों की मौजूदगी ने आयोजन को और खास बना दिया।
पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश
समारोह की खास पहल के तहत प्रत्येक जन्मदिनधारी अधिकारी एवं कर्मचारी को कंपनी के पर्यावरण विभाग की ओर से एक-एक पौधा उपहार स्वरूप भेंट किया गया। साथ ही सभी से पौधों को अपने घरों में लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई। इस पहल के जरिए कंपनी ने खुशियों के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया।
कर्मचारी ही कंपनी की असली ताकत
मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत, निष्ठा और समर्पण ही कंपनी की निरंतर प्रगति का आधार है। ऐसे आयोजन आपसी सहयोग, विश्वास और टीम भावना को मजबूत करने के साथ कार्यस्थल पर पारिवारिक माहौल विकसित करते हैं। कंपनी प्रबंधन ने कहा कि बीएफसीएल प्रत्येक कर्मचारी को अपने परिवार का हिस्सा मानता है और उनकी खुशियों को अपनी सफलता का अभिन्न अंग समझता है। समारोह का समापन सभी जन्मदिनधारी कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।






