छठ घाटों का एसडीपीओ, सीओ व थाना प्रभारी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
पलामू:हुसैनाबाद लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ल, हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार एवं अंचलाधिकारी पंकज कुमार ने हुसैनाबाद क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने हुसैनाबाद जे पी चौक स्थित भास्कर छठ पोखरा, ब्लॉक रोड स्थित पंच सरोवर मंदिर छठ पोखरा तथा दंगवार सोन नदी स्थित सूर्य मंदिर दंगवार छठ घाट का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान घाटों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का अवलोकन किया गया।
अधिकारियों ने छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही पर्व के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था एवं अप्रिय घटना न हो, इसके लिए आवश्यक तैयारियों का आकलन किया।
मौके पर दंगवार पिकेट प्रभारी विजय मेहता भी मौजूद रहे। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर घाटों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।






