BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

प्रशिक्षण के लिए आत्मा पलामू के 50 किसान रवाना


छतरपुर (पलामू) : आत्मा पलामू द्वारा प्रायोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के लिए छतरपुर और हुसैनाबाद अनुमंडल के सभी सात प्रखंडों से 50 किसान सोमवार को रवाना हुए। छतरपुर प्रखंड से किसानों का दल प्रखंड तकनीकी प्रबंधक संजय कुमार के नेतृत्व में रवाना हुआ।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम रांची जिले के अंगारा प्रखंड अंतर्गत लालगढ़ गांव स्थित मास कृषि प्रशिक्षण केंद्र में 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक, टिकाऊ, जलवायु अनुकूल एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है।

झारखंड में वर्षा आधारित कृषि, छोटे एवं सीमांत किसानों की अधिक संख्या तथा प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भरता को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण में मृदा स्वास्थ्य, उन्नत बीज, बीज उपचार, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन, जल संरक्षण, कृषि यंत्रीकरण, फसल विविधीकरण, पशुपालन एवं बागवानी, मूल्य संवर्धन तथा बाजार से जुड़ाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी।

प्रशिक्षण में केवल कक्षा आधारित जानकारी देने के बजाय ‘करके सीखने’ की पद्धति अपनाई जाएगी। इसके तहत किसानों को व्यावहारिक प्रदर्शन, खेत भ्रमण, समूह चर्चा, सफल किसानों के अनुभव तथा कृषि विशेषज्ञों के साथ संवाद के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण में शामिल होने वाले किसानों में सुरेंद्र सिंह, पुनीत सिंह, दरोगा सिंह, अखिलेश ठाकुर, वीरेंद्र कुमार सिंह, वीरेंद्र सोनी, राम सुंदर मेहता, धर्मेंद्र सिंह, कपिल देव सिंह निराला सहित अन्य प्रखंडों के कई किसान शामिल हैं।