बाल विवाह और स्वच्छता के प्रति विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को किया जागरूक
उदय किशोर सिंह,
जामताड़ा। ग्राम सभा कार्यक्रम के तहत पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पटटाजोड़ी के विद्यार्थियों ने सोमवार को दुल्दुले गांव एवं निजकजरा मध्य विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के साथ-साथ स्वच्छता, ग्राम सभा में भागीदारी और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों ने जागरूकता फेरी निकालकर की। इस दौरान स्वच्छता, ग्राम सभा, सामाजिक चेतना और बाल विवाह से संबंधित नारे एवं स्लोगन लगाए गए। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के साथ ग्राम सभा में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इसके बाद विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाल विवाह के सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के जरिए बताया गया कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, अधिकार और भविष्य को प्रभावित करता है। साथ ही ग्राम सभा को लोकतांत्रिक भागीदारी का महत्वपूर्ण मंच बताते हुए ग्रामीणों को इसमें सक्रिय रूप से शामिल होने का संदेश दिया गया। नुक्कड़ नाटक का निर्देशन वाणिज्य के सहायक शिक्षक भवेश कुमार ने किया। हिंदी के सहायक शिक्षक डॉ. अवधेन्द्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। नाटक देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे और विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना की। नुक्कड़ नाटक में प्रिया, शिवानी, जोसना, मुस्कान, अंजलि, परी, प्रिंस, विशाल, कृष्णम, सनातन, सुनीता, लक्ष्मी, उर्मिला, अनिता, सरस्वती, मुकुंद, रूमा, प्रियंका, काजल, रुपाली, परमेश्वर और डोली सहित अन्य विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यालय परिवार ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से आगे समाज और समुदाय से जोड़ना तथा उनमें सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना विकसित करना है। ग्राम सभा के तहत नुक्कड़ नाटक का विस्तृत मंचन 1 अक्टूबर 2026 को सुबह 11 बजे पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पटटाजोड़ी परिसर में किया जाएगा।




.jpeg)

