जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल 2.0, दस प्रतिष्ठित पुरस्कारों की घोषणा, प्रत्येक के लिए एक लाख रुपये की सम्मान राशि
जमशेदपुर.
विद्यादीप फाउंडेशन के तत्वावधान में आगामी 18 से 20 दिसंबर 2026 तक होटल रमाडा, बिष्टुपुर में 'जमशेदपुर लिटरेचर फेस्टिवल (JLF 2.0)' का आयोजन किया जाएगा. इस तीन दिवसीय प्रतिष्ठित आयोजन में साहित्य, कला, शिक्षा, पत्रकारिता और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दस विशिष्ट पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिनमें से प्रत्येक की सम्मान राशि ₹1,00,000 होगी.
केंद्रीय थीम 'विरासत एवं पर्यटन'
इस वर्ष फेस्टिवल की केंद्रीय थीम 'विरासत एवं पर्यटन' है. इन पुरस्कारों का नामकरण देश और झारखंड की महान विभूतियों तथा ऐतिहासिक संस्थाओं की स्मृति में किया गया है, जिनका उद्देश्य झारखंड की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करना है.
स्थापित किए गए दस प्रतिष्ठित पुरस्कार
फेस्टिवल के अंतर्गत निम्नलिखित दस पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे:
1--वसुंधरा कोमकली पुरस्कार — संगीत एवं संगीत-साहित्य
2-जे. स्वामीनाथन पुरस्कार — चित्रकला
3-रुक्मिणी देवी अरुंडेल पुरस्कार — नृत्य कला
4-फादर कामिल बुल्के पुरस्कार — हिंदी साहित्य
5-जेराल्ड डरेल पुरस्कार — अंग्रेज़ी पुस्तक
6-डॉ. कुमार सुरेश सिंह पुरस्कार — झारखंड साहित्य, संस्कृति एवं विरासत
7-उदन्त मार्तण्ड पुरस्कार — पत्रकारिता (द्विशताब्दी वर्ष समर्पित)
8-डॉ. रामदयाल मुंडा पुरस्कार — जनजातीय कला एवं संस्कृति संरक्षण
9-गोपालदास मुखर्जी पुरस्कार — विरासत एवं पर्यटन (विशेष थीम आधारित)
10-मिसेज कियोके मोनरो पेरिन(जमशेदपुर के पहले स्कूल मिसेज के एम पी एम स्कूल की संस्थापक) विद्यालय पुरस्कार — संस्थागत शिक्षा
चयन प्रक्रिया और आयोजन विवरण
फेस्टिवल के क्यूरेटर संदीप मुरारका और आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इन पुरस्कारों के लिए कोई नामांकन प्रक्रिया या अंतिम तिथि निर्धारित नहीं है. सम्मानित होने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं का चयन निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा और चयनित नामों की घोषणा आगामी दिनों में अलग से की जाएगी.
इस भव्य तीन दिवसीय आयोजन में देश भर के प्रख्यात साहित्यकार, कलाकार, शिक्षाविद्, इतिहासकार और पत्रकार भाग लेंगे.


.jpg)


