BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पति की बेरहमी से पिटाई, आंख में गंभीर चोट, रांची रेफर




कटकमसांडी (हजारीबाग)  : जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत पेलावल ओपी क्षेत्र के हेदलाख में महिला के साथ कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके पति के साथ मारपीट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित अख्तरी बेगम ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर कई लोगों पर अपने पति मुस्तकीम खां के साथ मारपीट करने, उन्हें गंभीर रूप से घायल करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पीड़िता द्वारा बिते 26 अक्टूबर को दिए गए आवेदन के मुताबिक, गांव में एक पेड़ काटे जाने के मामले को लेकर विवाद हुआ था। आवेदन में बताया गया है कि पुलिस जांच के दौरान मुनीर खां के घर पर कटा हुआ पेड़ मिलने के बाद मुनीर खान के पुत्र सैफ खान को पूछताछ के लिए पेलावल ओपी ले जाया गया था। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इसके बाद मुनीर खान, मोहम्मद कैफ खान, अमन खान, असद खान, दिलशान खान ने रंजिश के कारण उनके पति के साथ मारपीट की।

आवेदन में आगे आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग पीड़िता के घर पहुंचे और उनके साथ छेड़छाड़ करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि उनके पति मुस्तकीम खां के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई।

पीड़िता के अनुसार, मारपीट के दौरान उनके पति की आंख पर गंभीर चोट लगी, जिससे उनकी आंख प्रभावित हुई है। उनका इलाज हजारीबाग शेख भिखारी अस्पताल हजारीबाग में कराया गया। आवेदन में बताया गया है कि बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों ने उन्हें रांची रेफर किया है।

पीड़िता अख्तरी बेगम ने थाना प्रभारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने और उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आवेदन के साथ पूर्व में दिए गए आवेदन की छायाप्रति, पेड़ काटे जाने से संबंधित तस्वीर तथा अस्पताल के कागजात संलग्न करने की बात भी कही गई है।
फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।