मांगों पर सहमति नहीं बनने से वार्ता विफल, 62वें दिन भी जारी रहा धरना
रांची एक्सप्रेस जमुआ।
जमुआ प्रखंड सह अंचल कार्यालय के मुख्य द्वार पर समाजसेवी गौतम सागर राणा के नेतृत्व में 14 सूत्री मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना रविवार को 62वें दिन भी जारी रहा। आंदोलनकारियों से वार्ता के लिए एसी वैभव कुमार सिंह के नेतृत्व में बीडीओ अमल कुमार और सीओ नरेश कुमार वर्मा धरना स्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों के साथ उनकी मांगों और समाधान की संभावनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
वार्ता के दौरान आंदोलनकारियों ने 14 सूत्री मांगों पर प्रशासन से ठोस पहल और स्पष्ट कार्रवाई की मांग रखी। दोनों पक्षों के बीच लंबे समय तक बातचीत हुई, लेकिन प्रमुख मांगों के समाधान को लेकर कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद वार्ता विफल हो गई। आंदोलनकारियों ने धरना जारी रखने का निर्णय लिया।
वार्ता के बाद धरना स्थल पर मौजूद समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मांगों को लेकर प्रशासन की ओर से अब तक ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि मांगों के समाधान की दिशा में सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।
इधर, आंदोलन को जारी रखने के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने के उद्देश्य से आंदोलनकारियों ने धरना परिसर में भिक्षाटन कार्यक्रम भी चलाया। आंदोलनकारियों ने कहा कि 14 सूत्री मांगों पर प्रशासन की ओर से ठोस और सकारात्मक पहल होने तक अनिश्चितकालीन सत्याग्रह जारी रहेगा।
समाजसेवी गौतम सागर राणा ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। प्रशासन के साथ वार्ता के लिए आंदोलनकारी तैयार हैं, लेकिन केवल बातचीत से समस्या का समाधान नहीं होगा। मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।




.jpeg)

