छठ घाटों पर गंदगी का अंबार, बीडीओ ने लिया जायजा; विधायक कल्पना सोरेन के आगमन से पहले सफाई के निर्देश
राँची एक्सप्रेस संवाददाता बेंगाबाद
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जहां श्रद्धालुओं में उत्साह है, वहीं बेंगाबाद के प्रमुख छठ घाटों पर गंदगी का अंबार स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल रहा है। बुधवार को बेंगाबाद प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सुनील कुमार मुर्मु ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान बेंगाबाद के प्रसिद्ध मंडा आहर छठ घाट पर गंदगी देखकर वे हतप्रभ रह गए। उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मियों को घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गांडेय की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन बेंगाबाद के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण करेंगी। विधायक के आगमन से पहले स्थानीय प्रशासन ने चिह्नित छठ घाटों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडा आहर छठ घाट पर गंदगी का अंबार पाया गया। बेंगाबाद का मंडा आहर एक प्रसिद्ध तालाब है, लेकिन अब तक इसका समुचित सौंदर्यीकरण नहीं हो सका है। छठ जैसे महत्वपूर्ण पर्व के नजदीक आने के बावजूद घाट पर गंदगी का जमाव श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन सकता है। विधायक के आगमन और छठ महापर्व को देखते हुए प्रशासन ने घाटों की साफ-सफाई की दिशा में आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पर्व से पहले घाटों की सफाई और व्यवस्था को कितना दुरुस्त किया जा पाता है। बताया जाता है कि विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन छठ घाटों के निरीक्षण के अलावा नईयाडाबर में नवनिर्मित पुल का उद्घाटन करेंगी। इसके अतिरिक्त वन विभाग की ओर से तैयार कराए गए पत्थर निर्माण शेड सहित अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होंगी।


.jpg)


