आरडी बाजला की दो छात्राओं ने बढ़ाया मान, प्राची प्रिया करेंगी झारखंड का प्रतिनिधित्व
रांची एक्सप्रेस संवाददाता
देवघर : आर.डी. बाजला महिला महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण है। महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग की छात्रा एवं एन.एस.एस. इकाई-01 की उत्कृष्ट स्वयंसेविका प्राची प्रिया का चयन “Know Your Leader” (अपने नेता को जानें) कार्यक्रम में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है।
यह प्रतिष्ठित कार्यक्रम 2 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित होगा। इसका आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (My Bharat) द्वारा किया जा रहा है। प्राची प्रिया 1 अक्टूबर को विमान द्वारा नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी और 2 अक्टूबर को कार्यक्रम में शामिल होंगी।
यह उपलब्धि प्राची ने एन.एस.एस. कार्यक्रम पदाधिकारी श्रीमती निमिषा होरो के मार्गदर्शन में हासिल की है। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुचिता कुमारी एवं सभी शिक्षकों ने प्राची को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय परिवार ने कहा कि यह चयन न केवल उनकी व्यक्तिगत प्रतिभा और प्रयास का परिणाम है, बल्कि पूरे महाविद्यालय के लिए गर्व की बात है।
वहीं दूसरी ओर 24 सितंबर को विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर महाविद्यालय की एन.एस.एस. इकाई-03 की स्वयंसेविका अंशु कुमारी को उत्कृष्ट कार्य के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर बेस्ट वॉलंटियर अवार्ड से सम्मानित किया गया। अंशु सेमेस्टर-7, हिस्ट्री मेजर की छात्रा हैं। उन्हें प्रमाणपत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्या सहित सभी शिक्षकों ने बधाई दी और सुनहरे भविष्य के लिए प्रेरित किया। एन.एस.एस. इकाई-03 की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. करुणा पंजियारा हैं, जबकि सदस्य के रूप में डॉ. सीमा सिंह, डॉ. बिपिन कुमार एवं आशा कुमारी हैं।
जानकारी डॉ. पी.सी. दास, राजनीति विज्ञान विभाग सह मीडिया इंचार्ज ने दी।




.jpeg)

