BREAKING NEWS

logo

Advertisement
Advertisement

समाहरणालय में जनता दरबार: डीसी ने शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश


अमित कुमार,
रांची एक्सप्रेस ब्यूरो 

देवघर : जिले वासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर मंगलवार को देवघर समाहरणालय में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानियां की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया।

जनता दरबार में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने भू-अर्जन व मुआवजा भुगतान, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पेंशन, आवास, राशन कार्ड में नाम जोड़ने और राजस्व से जुड़ी अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों की जांच कर जल्द समाधान किया जाएगा। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही संबंधित विभागों द्वारा निष्पादन किया गया।

मोहनपुर प्रखंड के तुम्बाबेल आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन प्रक्रिया को गलत तरीके से खारिज करने की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त को मामले की जांच का निर्देश दिया, ताकि योग्य स्थानीय उम्मीदवार का चयन कर केंद्र का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके।

वहीं सारवां प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय, नारंगी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग पर उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी, देवघर को 48 घंटे के अंदर जांच प्रतिवेदन समर्पित कर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों और अंचलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण से जुड़े मामलों पर त्वरित और सख़्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि चिन्हित अवैध अतिक्रमणों को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। नोटिस के बाद भी यदि अतिक्रमणकारी सरकारी या सार्वजनिक भूमि खाली नहीं करते हैं, तो बलपूर्वक अतिक्रमण हटाया जाए।

साथ ही उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को लगान रसीद से जुड़ी शिकायतों का ससमय निष्पादन करने और आम जनता से प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर सुनवाई करने का निर्देश दिया। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख़्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।